गोयला पवन सिंघ
ग्राम पंचायत गोयला के लिए गर्व और खुशी का पल, जब गांव सुआ के होनहार नन्हे पहलवानों शौरभ ठाकुर पुत्र अनील कुमार तथा दिव्यांश ठाकुर पुत्र कमल देव ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जूडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। जगजीत नगर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे इन युवा खिलाड़ियों ने हिमाचल प्रदेश स्टेट जूडो चैम्पियनशिप में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। शौरभ ठाकुर ने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम में स्थान पक्का किया, जबकि दिव्यांश ठाकुर ने रजत पदक जीतकर पंचायत और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। इन दोनों खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे गोयला पंचायत क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने दोनों नन्हे पहलवानों को बधाई देते हुए कहा कि इन बच्चों ने साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और मेहनत की होती है।
कोच मनदीप मनु की कड़ी मेहनत और मार्गदर्शन की भी क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि शौरभ राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर हिमाचल और देश का नाम रोशन करेगा। गोयला पंचायत के इन होनहार बेटों की सफलता ने क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी खेलों की ओर प्रेरित किया है। पंचायतवासियों ने दोनों खिलाड़ियों और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।






