दाड़लाघाट। ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के सभागार में विभिन्न पंचायतों के बीपीएल लाभार्थियों के साथ सफल प्रत्यक्ष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर ने की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से पहुंचे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बीपीएल लाभार्थियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया तथा योजनाओं के लिए पात्रता और आवश्यक प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी साझा की। इस 
दौरान लाभार्थियों ने अपनी समस्याएं और जिज्ञासाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका मौके पर समाधान करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना रहा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के प्रधान श्याम सिंह चौधरी, उपप्रधान हेमराज गौतम, पंचायत समिति सदस्य संगीता सोनी, मीरा सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






