कारगिल के वीर सपूत को श्रद्धांजलि देकर शुरू हुआ समारोह, विद्यार्थियों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां
दुर्गापुर धारड़ी (सोलन) पवन सिंघ
ग्राम पंचायत बुघार कनैता के अंतर्गत स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शहीद धर्मेंद्र, दुर्गापुर धारड़ी में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास, देशभक्ति और गौरव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत शहीद धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। विद्यालय परिवार, पंचायत प्रतिनिधियों एवं
ग्रामीणों ने शहीद धर्मेंद्र की प्रतिमा पर पुष्पमालाएं अर्पित कर उनके अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन किया। इसके उपरांत ग्राम पंचायत बुघार कनैता के प्रधान रमेश कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा। समारोह में विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताएं, भाषण तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों, ग्रामीणों और अतिथियों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की
प्रतिभा और आत्मविश्वास की सभी ने सराहना की।विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक अवस्थी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी हमें अनगिनत बलिदानों की बदौलत प्राप्त हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों से शहीदों के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने भी शहीद धर्मेंद्र के बलिदान को याद करते हुए युवाओं को देशभक्ति और सेवा की भावना से प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य खेम चंद राघव, पंचायत प्रधान रमेश कुमार, प्रमोद, शोहन लाल, विद्यालय स्टाफ, ग्रामीण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को मिठाइयां वितरित की गईं तथा सभी ने देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। 80वें स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन शहीद धर्मेंद्र के अमर बलिदान को समर्पित रहा, जिसने उपस्थित सभी लोगों के मन में देशभक्ति, सम्मान और गर्व की भावना को और अधिक मजबूत किया






