Home » Uncategorized » करोल कॉलोनी में शराब के नशे में खूनी झड़प, युवक पर चाकू से हमला

करोल कॉलोनी में शराब के नशे में खूनी झड़प, युवक पर चाकू से हमला

Share:

सोलन पवन सिंघ

जिला सोलन की करोल कॉलोनी, बसाल में शराब के नशे में तीन युवकों के बीच हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। बहसबाजी के बाद एक युवक ने अपने साथी और बीच-बचाव करने आए युवक पर कांच की बोतल और तेजधार चाकू से हमला कर दिया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, करोल कॉलोनी में तीन युवक एक किराए के कमरे में शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान मयंक और निखिल के बीच देवता को लेकर किसी बात पर बहसबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। बीच-बचाव करने पर निखिल ने शराब की आधी भरी कांच की बोतल से सारांश के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद दोनों युवक बाथरूम में चले गए, जहां निखिल ने शेफ चाकू से मयंक पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सारांश पर भी चाकू से वार किया गया, जिससे उसके बाएं कंधे पर चोट आई। वहीं मयंक के पेट में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अभिषेक और वैभव क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। मयंक का फिलहाल आईजीएमसी में उपचार चल रहा है। अन्य घायल युवक का भी उपचार करवाया गया। एसपी साई दत्तातरे वार्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान निखिल संजटा (19) निवासी चिड़गांव, जिला शिमला के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को चम्बाघाट से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *