Home » Uncategorized » सरयांज पटवार वृत के पिपलूघाट कार्यालय में स्थायी पटवारी की नियुक्ति न होने से ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए करना पड़ रहा परेशानी का सामना

सरयांज पटवार वृत के पिपलूघाट कार्यालय में स्थायी पटवारी की नियुक्ति न होने से ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए करना पड़ रहा परेशानी का सामना

Share:

दाड़लाघाट। सरयांज पटवार वृत के पिपलूघाट कार्यालय में स्थायी पटवारी की नियुक्ति न होने से ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप कुमार रिंकू ने इस मामले को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उठाया था। इसके जवाब में विभाग की ओर से बताया गया है कि दाड़लाघाट पटवार वृत सर्कल के अंतर्गत पटवारी के पांच पद रिक्त चल रहे हैं। इन पदों को जल्द भरने के लिए राज्य के उच्चाधिकारियों से आग्रह किया गया है। पिपलूघाट में फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सप्ताह में केवल तीन दिन पटवारी की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। इससे इंतकाल, तकसीम, निशानदेही सहित अन्य महत्वपूर्ण राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कई मामलों में ग्रामीणों को दूसरे पटवारियों से कार्य करवाने की व्यवस्था करनी पड़ रही है, जिसके कारण उन्हें अतिरिक्त समय तक इंतजार करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि भूमि और राजस्व से जुड़े कार्य उनकी रोजमर्रा की आवश्यकताओं का हिस्सा हैं। स्थायी पटवारी न होने के कारण उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सप्ताह में सीमित दिनों की व्यवस्था से नौकरीपेशा लोगों को छुट्टी लेकर कार्यालय पहुंचना पड़ता है और काम पूरा न होने की स्थिति में दोबारा आना पड़ता है। इससे लोगों का समय, पैसा और मेहनत तीनों प्रभावित हो रहे हैं। प्रदीप कुमार रिंकू ने प्रशासन से मांग की है कि पिपलूघाट सहित दाड़लाघाट सर्कल के अंतर्गत रिक्त चल रहे पांचों पटवारी पदों को जल्द भरा जाए, ताकि ग्रामीणों को नियमित रूप से राजस्व सेवाएं मिल सकें और उन्हें अपने जरूरी कार्यों के लिए परेशान न होना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *