दाड़लाघाट। राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में प्रथम वर्ष के नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी ले नोव्यू का आयोजन किया गया। समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से खूब समां बांधा। पंजाबी नृत्य, बॉलीवुड नृत्य और बॉलीवुड समूह गीत सहित विभिन्न प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक बना दिया। मंच संचालन इशिता, तनिषा और हीना ने प्रभावी ढंग से किया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह बना रहा। समारोह का मुख्य आकर्षण मिस फ्रेशर एवं मिस्टर फ्रेशर प्रतियोगिता रही। बीए प्रथम वर्ष की दीपिका को मिस फ्रेशर तथा बीकॉम प्रथम वर्ष के सूजल ठाकुर को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। इसके अलावा प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को बेस्ट अटायर, मिस्टर ऑलराउंडर सहित विभिन्न आकर्षक टाइटल प्रदान किए गए। प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने मिस फ्रेशर को क्राउन तथा मिस्टर फ्रेशर को ब्रोच पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी नवागंतुक विद्यार्थियों को उपहार भेंट कर उनका
उत्साहवर्धन भी किया। अपने संबोधन में प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने नवागंतुक विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी, परिश्रम और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय जीवन व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण चरण है, इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। समारोह में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।






