दाड़लाघाट। पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी (अर्की) में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष टेकचंद शर्मा ने की। इस दौरान एसएमसी कार्यकारिणी के सदस्य, अभिभावक और विद्यालय के अध्यापक उपस्थित रहे। शिक्षा संवाद में विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों से प्रथम सत्र और एसए-1 परीक्षाओं के लिए बच्चों की बेहतर तैयारी में सहयोग करने का आह्वान किया गया। वहीं विद्यालय में लंबे समय से रिक्त चल रहे अध्यापकों के पदों को भरने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। विद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेल मैदान को समतल करने और उचित जल
निकासी व्यवस्था विकसित करने पर सहमति बनी। इसके अलावा विद्यालय के कूपनलकूप की देखरेख प्राथमिकता के आधार पर करवाने का निर्णय लिया गया। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय प्रबंधन की ओर से स्थानीय सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनकी दीर्घकालीन सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में सेवानिवृत्त सीएचटी रमेश चंद निरंकारी, शास्त्री उमा दत्त शर्मा, शास्त्री प्रेम कृष्ण और एचटी निर्मला महाजन शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एलआर ठाकुर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता और गुरुजनों का सदैव सम्मान करने, मोबाइल के दुरुपयोग से बचने, नशे से दूर रहने और जीवन में अनुशासन अपनाने का आह्वान किया।






