कुनिहार। अक्षरेश शर्मा
रामलीला जन कल्याण समिति कुनिहार के तत्वावधान में राजदरबार कुनिहार में आयोजित रामलीला के दसवें दिन अष्टभुजा मां दुर्गा, हनुमान और भैरव की आकर्षक झांकियों के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मंच पर मेघनाद-लक्ष्मण युद्ध, संजीवनी बूटी, कुंभकर्ण वध और राम-रावण युद्ध के प्रसंगों का सजीव मंचन किया गया।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के जीआईएफ इंजीनियर हेमंत ठाकुर ने परिवार सहित पहुंचकर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लिया। समिति के वरिष्ठ सदस्यों आशीष द्विवेदी, रितेश जोशी और अमन अत्री ने उन्हें पटका और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। हेमंत ठाकुर ने समिति को एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। उन्होंने कुनिहार की रामलीला को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए समिति के प्रयासों की सराहना की। वहीं, विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे स्थानीय यू-ट्यूबर मृदुल शर्मा ने समिति को 11 हजार रुपये भेंट किए।
संजीवनी बूटी के प्रसंग ने बांधा समां
मेघनाद के साथ युद्ध में लक्ष्मण के मूर्छित होने पर राम दल में शोक छा गया। विभीषण के परामर्श पर हनुमान जी सुषेण वैद्य को लंका से लेकर आए। इसके बाद लक्ष्मण के प्राण बचाने के लिए संजीवनी बूटी लाने का प्रसंग मंचित किया गया। रास्ते में राक्षस कालनेमि द्वारा हनुमान जी को रोकने और उनके पूरा पर्वत उठाकर लाने के दृश्य ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। सुषेण वैद्य द्वारा संजीवनी बूटी से लक्ष्मण के प्राण बचाने का दृश्य भी आकर्षण का केंद्र रहा।
इसके बाद कुंभकर्ण को नींद से जगाने और युद्ध में उसके वध, लक्ष्मण द्वारा मेघनाद का वध तथा राम-रावण के बीच भीषण युद्ध का मंचन किया गया। रावण वध के बाद श्रीराम और माता सीता के मिलन का दृश्य देखकर दर्शक भावविभोर हो गए।
श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ हुआ समापन
रामलीला के समापन पर भगवान श्रीराम का राजतिलक किया गया। समिति के सदस्यों और उपस्थित दर्शकों ने तिलक लगाकर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लिया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। कलाकारों ने अपने अभिनय से विभिन्न प्रसंगों को जीवंत कर दिया।
इस अवसर पर समिति के देवेंद्र उपाध्याय, अक्षरेश शर्मा, राधा रमण शर्मा, प्रधान रितेश जोशी, अरविंद जोशी, अजय जोशी, संजय जोशी, संदीप जोशी, मुकेश शर्मा, आशीष द्विवेदी, अमन अत्री, सूर्यांश, गौरव शर्मा, प्रिंस खुराना, गौतम, रिशु और गोलू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।






