शहनाज़ भाटिया
मानव कल्याण समिति की ओर से रविवार, 1 नवंबर को ग्राम पंचायत दावटी के शिवनगर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे और मरीजों की स्वास्थ्य जांच करेंगे।
शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ, शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ, औषधि विशेषज्ञ और अस्थि रोग विशेषज्ञ सहित अन्य चिकित्सक भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मरीजों के लिए नेत्र जांच, ईसीजी, रक्त जांच, निःशुल्क दवाइयों और चश्मों की सुविधा भी मौके पर उपलब्ध करवाई जाएगी।
समिति के संस्थापक डॉ. संत लाल शर्मा ने बताया कि शिविर के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समिति अपने संसाधनों से हर वर्ष अर्की क्षेत्र में दो निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करती है। शिवनगर में आयोजित होने वाला यह समिति का 20वां स्वास्थ्य शिविर होगा।
उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं। साथ ही उन्होंने बताया कि जो लोग शुगर की जांच करवाना चाहते हैं, वे खाली पेट शिविर में पहुंचें, ताकि उनकी जांच की जा सके।






