Home » Uncategorized » क्यारड़ में स्विफ्ट कार से 1.06 ग्राम चिट्टा, डिजिटल तराजू, सीरिंज व नकदी बरामद

क्यारड़ में स्विफ्ट कार से 1.06 ग्राम चिट्टा, डिजिटल तराजू, सीरिंज व नकदी बरामद

Share:

दाड़लाघाट:- दाड़लाघाट पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए क्यारड़ क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार से चिट्टा, डिजिटल तराजू, सीरिंज और नकदी बरामद की है। पुलिस ने मौके से पांच युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि क्यारड़ के पास लिंक रोड कुफ्टी पर खड़ी एक स्विफ्ट कार में कुछ युवक चिट्टा सेवन करने के साथ-साथ इसकी खरीद-फरोख्त में संलिप्त हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन को घेरकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में सवार पांच युवकों से पुलिस को वाहन से 1.06 ग्राम चिट्टा, एक डिजिटल तराजू, दो सीरिंज, दस रुपये का अधजला नोट तथा 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में बरामद डिजिटल तराजू और अन्य सामग्री से नशे की खरीद-फरोख्त की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने बरामद सभी सामग्री को कब्जे में लेकर पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा नशा तस्करी से जुड़े अन्य लिंक भी खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *