चंडी, पवन सिंघ:-
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वीएसएलएम अध्यापक शिक्षण महाविद्यालय, चंडी में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीएलएड एवं बीएड के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न योगासनों तथा प्राणायाम का अभ्यास कर योग के महत्व को समझा और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित अनेक योग क्रियाओं का अभ्यास किया। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उपायों को अपनाने का संकल्प लिया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में योग के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी गई। कार्यक्रम में सभी प्रशिक्षुओं एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।






