अर्की:-
डीसीएम लैंड ऑफ गॉड्स स्कूल, अर्की ने स्थापना के 80 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। स्कूल की प्रिंसिपल रीना पांटा ने बताया कि शिविर में क्षेत्र के लगभग 500 लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई, विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया और निःशुल्क दवाइयों का लाभ उठाया।
शिविर में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। ऑर्थोपेडिक्स विभाग से डॉ. भास्कर मोहन पाटिल (एचओडी), मेडिसिन विभाग से डॉ. सर्वेश और डॉ. पंकज, गायनेकोलॉजी विभाग से डॉ. सानिध्य, फिजियोथेरेपी विभाग से डॉ. नितेश वर्मा, पीडियाट्रिक्स विभाग से डॉ. दिव्या राणा, नेत्र रोग विभाग से डॉ. अंतरा और श्रेया नारंग तथा ईएनटी विभाग से डॉ. आदित्य ठाकुर ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। लोगों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों से अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर सलाह ली और विद्यालय की इस जनहितकारी पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से आम लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो जाती हैं और समय पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी मिलती है।
प्रिंसिपल ने स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया और कहा कि डीसीएम लैंड ऑफ गॉड्स स्कूल शिक्षा के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी लगातार अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है और भविष्य में भी ऐसे जन कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।






