दाड़लाघाट :-आपदा से बचाव एवं छात्रों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी (अर्की) में फायर मॉक ड्रिल एवं सीपीआर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम फायर ऑफिसर अशोक कुमार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय फायर ब्रिगेड टीम द्वारा आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आग लगने के कारण, उससे बचाव के उपाय, विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के उपयोग तथा आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकासी का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण रहा, जिसमें छात्रों और स्टाफ को हृदय गति रुकने या दम घुटने जैसी आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार देने की जानकारी दी गई।प्रधानाचार्य ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ आपदा के समय सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने फायर विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्य एल.आर. ठाकुर, विद्यालय डिजास्टर मैनेजमेंट प्रभारी देवेंद्र कुमार सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।






