Home » Uncategorized » एक साल से मौत को दावत दे रही जयनगर–जाबल सड़क, आखिर कब जागेगा विभाग? अब टेंडर होने के बाद जगी उम्मीद

एक साल से मौत को दावत दे रही जयनगर–जाबल सड़क, आखिर कब जागेगा विभाग? अब टेंडर होने के बाद जगी उम्मीद

Share:

जयनगर (सोलन):अर्की मंडल के अतर्गत जयनगर से जाबल को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर जयनगर से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर सड़क का ध्वस्त हिस्सा पिछले एक वर्ष से लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। सड़क के किनारे बनी गहरी खाई हर दिन राहगीरों, स्कूली बच्चों, दोपहिया चालकों और वाहन चालकों के लिए किसी बड़े हादसे का खतरा बनी हुई है। बरसात के इस मौसम में यह स्थान और भी अधिक खतरनाक हो गया है, लेकिन लंबे समय तक इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क का यह हिस्सा करीब एक साल पहले क्षतिग्रस्त हुआ था। तब से लेकर आज तक न यहां सुरक्षा दीवार (डंगा) बनाई गई और न ही सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए कोई ठोस कार्य किया गया। हर दिन सैकड़ों वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं और लोग दहशत के बीच सफर करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते यहां सुरक्षा कार्य नहीं किया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासियों में इस बात को लेकर भी नाराज़गी है कि कई बार संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया गया, लेकिन समस्या लंबे समय तक जस की तस बनी रही। हिमाचल आज तक ने भी पहले इस गंभीर मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद अब लोगों को उम्मीद जगी है कि उनकी आवाज़ जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंची है।

विभाग ने दिया आश्वासन
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग, मंडल अर्की के अधिशासी अभियंता कृष्ण कान्त चौहान ने बताया कि इस कार्य का टेंडर कर दिया गया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग इस समस्या से पूरी तरह अवगत है और सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जाएगी।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें विभाग के इस आश्वासन पर टिकी हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द काम शुरू हो जाता है तो यह पूरे क्षेत्र के लिए राहत की बात होगी और लंबे समय से बना खतरा समाप्त हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *