Home » Uncategorized » कृष्णगढ़ की आवाज़ पहुँची मुख्यमंत्री दरबार: तहसील दर्जा, अस्पताल उन्नयन और 40 साल पुरानी बस सेवा बहाली की मांग ने पकड़ा जोर

कृष्णगढ़ की आवाज़ पहुँची मुख्यमंत्री दरबार: तहसील दर्जा, अस्पताल उन्नयन और 40 साल पुरानी बस सेवा बहाली की मांग ने पकड़ा जोर

Share:

कुठाड़ पवन सिंघ

जिला सोलन के कृष्णगढ़ क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का एक मजबूत प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिला और क्षेत्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कृष्णगढ़ सब तहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा, PHC कृष्णगढ़ का उन्नयन और बंद पड़ी कुठाड़–शिमला बस सेवा की बहाली नहीं हुई तो क्षेत्र के हजारों लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहेंगे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में बताया कि कृष्णगढ़ क्षेत्र लंबे समय से प्रशासनिक उपेक्षा का सामना कर रहा है। सब तहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा मिलने से लोगों को राजस्व और प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कृष्णगढ़ में डॉक्टरों की स्थायी नियुक्ति और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की मांग को भी जोरदार तरीके से रखा गया।बैठक के दौरान करीब 40 वर्षों से बंद पड़ी कुठाड़–शिमला बस सेवा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस बस सेवा के बंद होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और ग्रामीण जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस सेवा बहाल होने से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने और मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि कृष्णगढ़ क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगों को अब जल्द पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला सोलन कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रेम चंद ठाकुर, अरुण सेन, संजीव छतरी, महेंद्र कंवर, रुद्र कंवर, हीरा लाल, पुष्पेंद्र, मधु चंदेल, रवि कुमार, डॉ. मदन शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *