Home » Uncategorized » अर्की के भराड़ी घाट में पहुंची प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश की प्राथमिक शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा

अर्की के भराड़ी घाट में पहुंची प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश की प्राथमिक शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा

Share:

दाड़लाघाट:- प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश की ओर से निकाली जा रही प्राथमिक शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा सोमवार को अपने दसवें दिन जिला सोलन के अर्की विधानसभा क्षेत्र के भराड़ीघाट पहुंची। यहां यात्रा का सेवानिवृत्त शिक्षकों, मिड-डे मील वर्कर्स, मल्टी टास्क वर्कर्स तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। भराड़ीघाट स्थित पंचायत घर के समीप न्याय यात्रा के दौरान एक संक्षिप्त जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षकों की 25 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया। इस अवसर पर क्षेत्र के सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। भराड़ीघाट से चमाकड़ी पुल तक निकाली गई यात्रा में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं स्थानीय लोग शामिल हुए और शिक्षकों की मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई। सभा को संबोधित करते हुए प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष रमेश शर्मा ने कहा कि संघ न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम का विरोध कर रहा है तथा छठे वेतन आयोग के एरियर, लंबित महंगाई भत्ते, हायर ग्रेड पे की बहाली सहित 25 सूत्रीय मांगों को लेकर न्याय यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को प्राथमिक शिक्षकों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करना चाहिए। रमेश शर्मा ने बताया कि न्याय यात्रा 25 जुलाई को पैदल शिमला पहुंचेगी, जबकि 26 जुलाई को ऐतिहासिक चौड़ा मैदान शिमला में प्रदेशभर के शिक्षकों की भागीदारी से विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि न्याय यात्रा सोमवार रात्रि चमाकड़ी पुल में विश्राम करेगी। इसके बाद मंगलवार सुबह यात्रा चमाकड़ी पुल से दाड़लाघाट होते हुए शिमला के लिए रवाना होगी। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव रजनीश कौशिक, राजेश गुप्ता, नरेंद्र शर्मा, गंभीर सिंह, संजय पीसी, देवेंद्र सहित संघ के पदाधिकारी, शिक्षक, सेवानिवृत्त शिक्षक, मिड-डे मील वर्कर्स, मल्टी टास्क वर्कर्स और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *