दाड़लाघाट:-ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के गांव जावी निवासी तथा हाल ही में शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हुए प्रवक्ता (हिंदी) धर्मपाल शुक्ला साइबर ठगी का शिकार हो गए। उनके एचडीएफसी बैंक खाते से 92,215 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई। धर्मपाल शुक्ला ने बताया कि उनके खाते में करीब 3 लाख 66 हजार रुपये जमा थे। इसी दौरान साइबर ठगों ने उनके खाते से 92,215 रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी मिलते ही
उन्होंने संबंधित बैंक से संपर्क किया, लेकिन उनका आरोप है कि एचडीएफसी बैंक की ओर से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने बताया कि इसके बाद यूको बैंक से संपर्क कर अपने खातों को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करवाई, जहां उन्हें तुरंत सहयोग मिला। इसके अलावा उन्होंने मामले की शिकायत साइबर सेल में भी दर्ज करवा दी है और उचित कार्रवाई की मांग की है। धर्मपाल शुक्ला ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन से सावधान रहें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी होती है तो बिना देर किए बैंक और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं।






