दाड़लाघाट:-राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांगल के प्रधानाचार्य सुरेन्द्र कुमार का शिक्षा विभाग द्वारा मेरिट के आधार पर सीबीएसई विद्यालय के प्रधानाचार्य पद पर चयन किया गया है। चयन के बाद उनका स्थानांतरण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पंजगाईं (बिलासपुर) में हुआ है। स्थानांतरण के अवसर पर
विद्यालय परिसर में स्थानीय ग्रामवासियों, पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी), विद्यालय परिवार तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। लगभग दस वर्षों तक मांगल विद्यालय में सेवाएं देते हुए सुरेन्द्र कुमार ने विद्यालय को विकास, अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और जनविश्वास की नई पहचान दिलाई। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने जनसहयोग से विद्यालय के आधारभूत ढांचे को मजबूत किया। उनके कार्यकाल में नए विद्यालय भवन, भव्य मुख्य प्रवेश द्वार, मां सरस्वती मंदिर, आधुनिक मिड-डे मील हॉल, चारदीवारी, दोनों परिसरों को जोड़ने वाला पुल, डिजिटल लाइब्रेरी और स्मार्ट कक्षाओं का निर्माण एवं विकास हुआ। उनके नेतृत्व में विद्यालय को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की स्वीकृति मिली, नॉन-मेडिकल संकाय शुरू हुआ तथा हिमाचल प्रदेश स्टेट ओपन स्कूल (एचपीएसओएस) अध्ययन केंद्र स्थापित किया गया। साथ ही विद्यालय को स्थायी बोर्ड परीक्षा केंद्र की सुविधा भी मिली। विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम प्रदेशभर में रोशन किया। वर्ष 2021-22 में विद्यालय को उत्कृष्ट विद्यालय सम्मान भी प्राप्त हुआ। इस अवसर पर ग्राम पंचायत मांगल की प्रधान उर्मिला देवी, बीडीसी सदस्य सीता राम ठाकुर, उपप्रधान प्यारे लाल चौहान, एसएमसी अध्यक्ष पवन कुमार, पूर्व एसएमसी अध्यक्ष दित्तु राम ठाकुर, समाजसेवी बलदेव चौहान, ग्राम पंचायत बागा के प्रधान श्याम लाल तथा वरिष्ठ शिक्षक करम सिंह, कुलदीप चंद और सुनील गौतम ने संयुक्त रूप से कहा कि सुरेन्द्र कुमार ने विद्यालय को केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि समाज की सहभागिता का आदर्श संस्थान बनाया। उनका कार्यकाल विद्यालय के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद रखा जाएगा।
विद्यालय परिवार, विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावकों, पूर्व विद्यार्थियों तथा क्षेत्रवासियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर सफलता की कामना की।






