Home » Uncategorized » अर्की में नंबरदार यूनियन ने मुख्यमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन, मानदेय बढ़ाने समेत कई मांगें उठाईं

अर्की में नंबरदार यूनियन ने मुख्यमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन, मानदेय बढ़ाने समेत कई मांगें उठाईं

Share:

अर्की, नंबरदार यूनियन अर्की ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन प्रेषित कर प्रदेश सरकार से नंबरदारों की लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि नंबरदार लंबे समय से सरकार और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
यूनियन ने मांग की कि वर्तमान में दिए जा रहे मानदेय को बढ़ाकर 5,000 रुपये प्रतिमाह किया जाए। इसके अलावा नंबरदारों को पहचान पत्र, आवश्यक सुविधाएं, कार्य के अनुरूप सम्मान और अन्य सरकारी लाभ भी उपलब्ध करवाए जाएं।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के नंबरदार राजस्व विभाग, कानून-व्यवस्था, प्राकृतिक आपदाओं, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा प्रशासनिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त सुविधाएं और आर्थिक सहयोग नहीं मिल रहा है।
नंबरदार यूनियन ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लिया जाए, ताकि नंबरदार वर्ग का मनोबल बढ़े और वे पहले की तरह जनसेवा में अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभा सकें।
इस अवसर पर यूनियन के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *