Home » Uncategorized » पंचायत चाखड़ के सिहारली गांव में लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा,करीब 5 से 6 घर जद में आने की आशंका

पंचायत चाखड़ के सिहारली गांव में लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा,करीब 5 से 6 घर जद में आने की आशंका

Share:

दाड़लाघाट। ग्राम पंचायत चाखड़ के सिहारली गांव में लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। गांव में करीब 5 से 6 घर इसकी जद में आने की आशंका है। इन घरों में परिवारों के साथ छोटे बच्चे भी रह रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर लोक निर्माण विभाग को पहले भी कई बार अवगत

करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस और स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क के पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण पानी लगातार सड़क से नीचे की ओर बह रहा है। इससे ढलान कमजोर होती जा रही है और भूस्खलन का खतरा बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय तत्काल मौके का निरीक्षण करवाया जाए। साथ ही सड़क के पानी की उचित निकासी और ढलान को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य जल्द शुरू किए जाएं। ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि बरसात के दौरान भूस्खलन से

कोई बड़ा हादसा होता है और जान-माल का नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल उचित कदम उठाने की अपील की है। भाजपा मंडल सचिव महेंद्र कुमार ठाकुर, भाजपा आईटी संयोजक दाड़ला मंडल प्रेम कंवर तथा युवा मोर्चा उपाध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने भी प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *