दाड़लाघाट। ग्राम पंचायत रौड़ी के गांव बागा में युवक मंडल बागा के युवाओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए एंबुलेंस मार्ग की सफाई की। युवाओं ने स्वच्छता अभियान के तहत करीब पांच किलोमीटर लंबे मार्ग की सफाई की तथा सड़क पर उगी कंटीली
झाड़ियों को काटकर रास्ते को सुगम बनाया। युवाओं के इस प्रयास की ग्रामवासियों ने सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि युवक मंडल द्वारा किए गए इस तरह के सामाजिक कार्य गांव की स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ अन्य युवाओं को भी सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं। एंबुलेंस मार्ग की सफाई होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। युवक मंडल ने भविष्य में भी गांव में स्वच्छता और सामाजिक
गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के अभियान जारी रखने की बात कही। सफाई अभियान में युवक मंडल बागा के प्रधान तरुण ठाकुर, उपप्रधान कारण ठाकुर, सचिव विक्रम ठाकुर और कोषाध्यक्ष सूरज ठाकुर, आयुष ठाकुर, अक्षय ठाकुर, रवि ठाकुर, राहुल ठाकुर, पारस ठाकुर और हर्ष ठाकुर सहित अन्य युवाओं ने मुख्य भूमिका निभाई।






