दाड़लाघाट। दशहरे के अवसर पर शाइनिंग स्टार प्ले स्कूल दाड़लाघाट के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भक्ति गीत राम आएंगे पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। भगवान श्रीराम की भक्ति से ओत-प्रोत इस प्रस्तुति में 2 से 5 वर्ष तक की आयु के 20 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कम उम्र के बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास और आकर्षक भाव-भंगिमाओं के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की शानदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों की खूब तालियां बटोरीं। इस प्रस्तुति को तैयार करने में स्कूल की हेड सीमा शर्मा, शिक्षिका खेमा और स्कूल मदर सीमा का विशेष योगदान रहा। शिक्षकों के मार्गदर्शन
और सहयोग से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। स्कूल की हेड सीमा शर्मा ने कहा कि शाइनिंग स्टार प्ले स्कूल का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा देने के साथ उनमें सांस्कृतिक मूल्यों, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का विकास करना है। स्कूल में इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा निखारने और उन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।






