कुनिहार
बी.एल. सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुनिहार में इंटीग्रेटेड मिशन लाइफ प्रोजेक्ट के अंतर्गत पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय ईको क्राफ्टिंग शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अनुपयोगी एवं अपशिष्ट सामग्री का रचनात्मक उपयोग करके उपयोगी और आकर्षक वस्तुएँ तैयार करने के लिए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को प्रेरित करना रहा।विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी
रचनात्मकता और व्यावहारिक कौशल को भी बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक विषय नहीं, बल्कि हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए।
कार्यशाला में सेवती देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर लायन ईको क्लब की प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर ने मुख्य अतिथि सहित सभी स्रोत व्यक्तियों एवं उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया। कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों से आए स्रोत व्यक्तियों पिंकी कुमारी, आरती भारद्वाज, भानुप्रिया, सुमन शर्मा, शीला देवी एवं चंद्रकांता ने लायन ईको क्लब के विद्यार्थियों तथा शिक्षकों को ईको क्राफ्टिंग की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यशाला के दौरान विभिन्न प्रकार की क्राफ्ट सामग्री तैयार करने की विधियों को समझाया तथा प्रतिभागियों को व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षण भी दिया। इस दौरान अपशिष्ट सामग्री के पुनः उपयोग, रचनात्मक सोच और पर्यावरण के अनुकूल गतिविधियों के महत्व पर विशेष बल दिया गया।
कार्यशाला में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ईको क्राफ्टिंग की नई तकनीकों को सीखकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों को ‘कम कचरा, अधिक उपयोग’ की अवधारणा अपनाने तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित करती हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय अध्यक्ष एवं प्रधानाचार्य गोपाल शर्मा तथा मुख्याध्यापिका द्वारा सभी स्रोत व्यक्तियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी स्रोत व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों और शिक्षकों के सर्वांगीण विकास तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने वाली गतिविधियाँ आयोजित की जाती रहेंगी।






