Home » Uncategorized » सोलन के बानली गांव में 10 महीनों से बंद सड़क, बीमारों को चारपाई पर ढोने को मजबूर ग्रामीण

सोलन के बानली गांव में 10 महीनों से बंद सड़क, बीमारों को चारपाई पर ढोने को मजबूर ग्रामीण

Share:

सोलन: जिला सोलन के अंतर्गत ग्राम पंचायत मलोन के गांव बानली में पिछले करीब दस महीनों से सड़क बंद पड़ी हुई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने गंभीर हैं कि गांव में कोई व्यक्ति बीमार पड़ जाए तो उसे अस्पताल तक पहुंचाने के लिए चारपाई पर उठाकर ले जाना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी मनोज कुमार पुत्र बालकिशन, निवासी तहसील रामशहर ने बताया कि सड़क बंद होने के कारण न केवल मरीजों बल्कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी विकट हो जाती है, जिससे खतरा बढ़ जाता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को कई बार पंचायत और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है। उनका कहना है कि न तो पंचायत इस ओर ध्यान दे रही है और न ही क्षेत्र के विधायक (MLA) द्वारा कोई ठोस कदम उठाया गया है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़ी सड़क को जल्द से जल्द बहाल किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और आपात स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सके।

ग्रामीणों की मांग:
सड़क की तत्काल मरम्मत कर आवाजाही बहाल की जाए, ताकि गांव के लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *