दाड़लाघाट:-प्रदेश के प्रमुख सीमेंट उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के महामंत्री यशपाल हैटा तथा अखिल भारतीय सीमेंट मजदूर महासंघ के महामंत्री ओम प्रकाश शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने अंबुजा सीमेंट दाड़लाघाट, एसीसी बरमाणा और अल्ट्राटेक बागा का प्रवास कर श्रमिकों और यूनियन प्रतिनिधियों से संवाद किया।
प्रवास के दौरान श्रमिकों ने वेतन विसंगतियों, पैकिंग प्लांट बरमाणा में कथित शोषण, सीमेंट निर्माता संघ के वेतन समझौते का लाभ न मिलने, ठेकेदारों और प्रबंधन की मनमानी, बिना उचित मुआवजे के नौकरी से निकाले जाने, अन्य राज्यों में स्थानांतरण तथा स्थायी कार्यों में ठेका प्रथा जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। श्रमिकों की समस्याओं को सुनने के बाद यशपाल हैटा और ओम प्रकाश शर्मा ने आश्वासन दिया कि मजदूरों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन मांगों को सरकार और संबंधित प्रबंधन के समक्ष मजबूती से उठाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई है। प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा ने कहा कि प्रदेश के सीमेंट उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए जल्द ही बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई उद्योगों में श्रमिकों का शोषण हो रहा है और यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेश के सभी सीमेंट संयंत्रों में एकजुट होकर आंदोलन और हड़ताल की रणनीति अपनाई जाएगी। बैठक में अंबुजा सीमेंट दाड़लाघाट से नरेश कुमार, रुवेश कुमार और राकेश महाजन, अल्ट्राटेक बागा से सुनील कुमार और राकेश कुमार तथा एसीसी बरमाणा से गग्नेश कुमार, दीपचंद, नीलम कश्यप, सुरेन्द्र चौधरी, राम प्रसाद, हरि सिंह, गौतम कुमार, राजेश कुमार और कन्हैया राम सहित विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।






