अर्की शहनाज़:-
राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलेरा में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के चुनाव प्रधानाचार्य नरेश ठाकुर की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विद्यालय के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। चुनाव के दौरान धीरज ठाकुर को सर्वसम्मति से स्कूल प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा पंकज गुप्ता को उपाध्यक्ष चुना गया। नवगठित समिति के गठन पर उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों ने दोनों पदाधिकारियों को बधाई दी। इस अवसर पर प्रधानाचार्य नरेश ठाकुर ने नवगठित समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय की उन्नति, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने में समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई समिति के नेतृत्व में विद्यालय नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और विद्यार्थियों व विद्यालय हित में प्रभावी कार्य किए जाएंगे।
बैठक में 60 से अधिक अभिभावकों ने भाग लिया और विद्यालय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव भी साझा किए। अभिभावकों ने विद्यालय के विकास के लिए प्रबंधन समिति के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने नव निर्वाचित अध्यक्ष धीरज ठाकुर एवं उपाध्यक्ष पंकज गुप्ता को उनके नए दायित्वों के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।






