दाड़लाघाट:- राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन के एनसीसी के 23 कैडेटों ने चितकारा यूनिवर्सिटी बद्दी में आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया। यह शिविर प्रथम एनसीसी वाहिनी सोलन द्वारा कमान अधिकारी कर्नल राजीव थॉमस के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न प्रशिक्षण एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियां करवाई गईं।विद्यालय के कैडेटों ने एनसीसी अधिकारी सेकंड ऑफिसर सुमन बट्टू के नेतृत्व में शिविर की विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों ने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक दक्षता से जुड़ी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शिविर में कैडेट सिद्धार्थ भारद्वाज ने जूनियर डिवीजन ड्रिल प्रशिक्षण टेस्ट में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं फायरिंग परीक्षा में कैडेट ईशिता ने शानदार प्रदर्शन किया। टैलेंट हंट प्रतियोगिता में कैडेट ईशिता और कैडेट लता शर्मा ने मेडल प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। खेल गतिविधियों के अंतर्गत इंटर कंपनी खो-खो प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपविजेता स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कैडेट ईशिता ने डेल्टा कंपनी की ओर से खेलते हुए विजेता टीम का हिस्सा बनकर सफलता हासिल की। शिविर के दौरान कमान अधिकारी कर्नल राजीव थॉमस तथा मुख्य अतिथि कर्नल रवि शर्मा द्वारा एनसीसी अधिकारी सुमन बट्टू को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।विद्यालय की प्रधानाचार्या मनोरमा कुमारी चड्ढा ने सभी कैडेटों एवं एनसीसी अधिकारी को उनकी उपलब्धियों पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






