दाड़लाघाट:- जिला सोलन पटवार एवं कानूनगो महासंघ ने जिला अध्यक्ष सुमित ठाकुर की अध्यक्षता में निदेशक भू-अभिलेख (डीएलआर) अभिषेक वर्मा से मुलाकात कर राजस्व कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों और ज्वलंत समस्याओं को उनके समक्ष रखा। बैठक के दौरान कर्मचारियों की मांगों तथा विभागीय चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। महासंघ ने जिला हमीरपुर और जिला किन्नौर में कथित राजनीतिक द्वेष के आधार पर किए गए पटवारियों एवं कानूनगो के तबादलों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।प्रतिनिधिमंडल ने ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए लागू स्टेट कैडर के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन भी डीएलआर के माध्यम से प्रेषित किया। बैठक में कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित इंटरनेट भत्ता, भूमि ई-केवाईसी भत्ता तथा कृषि जनगणना भत्ते के शीघ्र भुगतान की मांग भी रखी गई। इसके अलावा पटवार वृत्तों में आबादी देह से जुड़े व्यावहारिक मुद्दों, ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी की कमी और अन्य विभागीय समस्याओं पर भी चर्चा हुई। डीएलआर अभिषेक वर्मा ने महासंघ द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके पर ही अतिरिक्त डीएलआर को संबंधित समस्याओं के निस्तारण हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला अध्यक्ष सुमित ठाकुर के साथ महासंघ के वरिष्ठ सदस्य सुरेश कुमार, कमल कुमार तथा पटवारी चंदन गुप्ता भी उपस्थित रहे।






