अर्की:-
जनसेवक जितेन्द्र पाल ठाकुर ने सोलन–सुबाथू–अर्की सड़क की जर्जर हालत पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा होने के बावजूद लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, टूटी हुई सतह, जलभराव और धूल के कारण आम जनता, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, मरीजों तथा पर्यटकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि इस सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। वाहन चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, यात्रा का समय बढ़ रहा है तथा क्षेत्र के विकास पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अनेक बार स्थानीय जनता द्वारा इस समस्या को प्रशासन और सरकार के समक्ष उठाए जाने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

जितेन्द्र पाल ठाकुर ने प्रदेश सरकार एवं लोक निर्माण विभाग से मांग की कि सोलन–सुबाथू–अर्की सड़क का युद्धस्तर पर पुनर्निर्माण एवं व्यापक सुधार कार्य तत्काल शुरू किया जाए। साथ ही सड़क पर जल निकासी की उचित व्यवस्था, गड्ढों की तत्काल मरम्मत तथा आवश्यक सुरक्षा संकेतक और पैरापिट लगाने की भी व्यवस्था की जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने कहा कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों से होता है। यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन शुरू करने पर भी विचार किया जाएगा।
अंत में उन्होंने कहा कि सोलन–सुबाथू–अर्की सड़क केवल एक सड़क नहीं, बल्कि हजारों लोगों के जीवन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मार्ग है। इसकी अनदेखी अब किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
जारीकर्ता:
जितेन्द्र पाल ठाकुर
जनसेवक, अर्की विधानसभा क्षेत्र






