दाड़लाघाट। ग्राम पंचायत रौडी में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पंचायत क्षेत्र के विकासात्मक कार्यों और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपप्रधान मदन शर्मा ने बताया कि बैठक में पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए जनसहभागिता आवश्यक है और लोगों के सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक के दौरान बरसात के मौसम में होने वाले संभावित नुकसान को लेकर भी चर्चा की गई। उपप्रधान ने पंचायतवासियों से आग्रह किया कि यदि क्षेत्र में कहीं भी भारी बारिश, भूस्खलन, सड़क क्षति, मकानों या कृषि भूमि को नुकसान जैसी कोई घटना होती है तो उसकी सूचना तुरंत पंचायत को दें, ताकि समय रहते प्रशासन को अवगत करवाकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पंचायत प्रधान मधु बाला ओर उपप्रधान मदन शर्मा ने पंचायत के लोगों से विकास कार्यों और जनहित के कार्यों में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पंचायत और जनता के आपसी सहयोग से ही क्षेत्र का समुचित विकास संभव है।






