दाड़लाघाट। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुघार में प्रधानाचार्य रामस्वरूप गौतम की अध्यक्षता में अंबुजा फाउंडेशन के सौजन्य से विज्ञान प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। प्रश्नोत्तरी में कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विज्ञान प्रश्नोत्तरी का संचालन टीजीटी मेडिकल नवीश कुमार ने किया, जबकि अंबुजा फाउंडेशन की ओर से आरती सोनी ने संयोजक के रूप में भाग लिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से विज्ञान विषय से
संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ उत्तर दिया। प्रतियोगिता में अरविंद कुमार, कुशल कुमार, कृतिक शर्मा व गौरव की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम के विद्यार्थियों सहित अन्य प्रतिभागियों को अंबुजा फाउंडेशन की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रामस्वरूप गौतम ने कहा कि विज्ञान प्रश्नोत्तरी विद्यार्थियों में जिज्ञासा एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने
विद्यार्थियों को इस प्रकार की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।






