सुबाथू ( गंबरपुल ) पवन सिंघ
सोलन से कुनिहार को जोड़ने वाली सड़क की खराब हालत इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। इसी सड़क के गंबरपुल बाजार में मुख्य सड़क के बीचोंबीच बने बड़े गड्ढे का फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की वास्तविक स्थिति जानने के लिए हिमाचल आज तक की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मौके पर सड़क के बीचोंबीच काफी बड़ा गड्ढा पाया गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से ठीक नहीं है और गड्ढे के कारण कभी भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इस संबंध में हिमाचल आज तक के युवा पत्रकार पवन सिंघ ने लोक निर्माण विभाग सुबाथू के एसडीओ साहिल कश्यप से बातचीत की। एसडीओ ने बताया कि जिस स्थान पर सड़क बनी है, वह निजी भूमि से संबंधित मामला है और इसे लेकर न्यायालय में मामला चल रहा है। इसी कारण विभाग को सड़क पर काम करने में दिक्कत आ रही है।
एसडीओ साहिल कश्यप ने कहा कि विभाग लोगों की भावनाओं और उनकी परेशानी को समझता है, लेकिन न्यायालय में मामला होने के कारण विभाग की अपनी सीमाएं हैं। हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि एक-दो दिन के भीतर सड़क के बीच बने गड्ढे को भरने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो को लेकर भी कहा कि किसी भी मामले की पूरी जानकारी लिए बिना फोटो या वीडियो वायरल करने से लोगों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर गलत धारणा बन सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी सड़क संबंधी समस्या को सामने लाने से पहले उसके वास्तविक कारण की जानकारी भी प्राप्त करें। वहीं, हिमाचल आज तक की टीम ने जब गंबरपुल बाजार के स्थानीय दुकानदारों से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि यह सड़क करीब 1966 से बनी हुई है। दुकानदारों के अनुसार सड़क की भूमि को लेकर निजी व्यक्ति और विभाग के बीच विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि संबंधित व्यक्ति डबल रोड के मुआवजे की मांग कर रहा है और करीब आठ फुट सड़क की मरम्मत को लेकर भी अपनी मांग रख रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भूमि विवाद अपनी जगह है, लेकिन सड़क पर बने बड़े गड्ढे से आम जनता को परेशानी हो रही है। ऐसे में विभाग द्वारा गड्ढे को भरने का आश्वासन मिलने से लोगों को कुछ राहत की उम्मीद जगी है।
हिमाचल आज तक की पड़ताल में यह सामने आया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे गड्ढे की तस्वीर वास्तविक है, लेकिन सड़क की खराब हालत के पीछे भूमि विवाद भी एक महत्वपूर्ण कारण है। अब देखना होगा कि विभाग द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुसार गड्ढे को कितनी जल्दी भरा जाता है और भविष्य में सड़क की स्थायी समस्या का समाधान कब होता है।






