कुनिहार
सेवा, अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए बी. एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में आयोजित सात दिवसीय वार्षिक एनएसएस शिविर का भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। समारोह में सेवानिवृत्त एवं राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाचार्य भूपेंदर गुप्ता ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत, एनएसएस गान एवं शानदार परेड से हुआ।![]()
मंच संचालन करते हुए शिवानी शर्मा ने मुख्यातिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया। विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा सात दिवसीय शिविर के समापन समारोह में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
एनएसएस प्रभारी पूनम शर्मा एवं पुरुषोत्तम लाल ने बताया कि शिविर में विद्यालय के 58 एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सात दिनों के दौरान स्वयंसेवकों ने सेवा एवं सामाजिक सरोकारों को अपनी गतिविधियों का केंद्र बनाते हुए गोद लिए गांव हाटकोट, कुनिहार, मंगला माता परिसर, शिव गुफा तथा विद्यालय के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता का संदेश देते हुए लोगों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
एनएसएस स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटकों, जागरूकता रैलियों एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से समाज में व्याप्त बुराइयों, नशे के दुष्प्रभावों तथा स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया। शिविर के दौरान प्रत्येक दिन स्वयंसेवकों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विभिन्न विभागों से पहुंचे स्रोत व्यक्तियों ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता, आध्यात्मिकता, अनुशासन, जिम्मेदारी एवं जीवन मूल्यों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
मुख्यातिथि भूपेंदर गुप्ता ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस जैसे शिविर विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन का अनुभव, सेवा भावना, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाते हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने शिविर के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विद्यालय अध्यक्ष, एनएसएस प्रभारी एवं समस्त अध्यापक वर्ग की सराहना की।
एनएसएस स्वयंसेविका मेताली ने शिविर की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए सात दिनों के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। समापन समारोह में मुख्यातिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा सभी एनएसएस स्वयंसेवकों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को विशेष रूप से पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यातिथि एवं विद्यालय अध्यक्ष द्वारा एनएसएस प्रभारी पूनम शर्मा, पुरुषोत्तम लाल एवं मोनिका कुमारी को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में पीटीए अध्यक्ष रतन तंवर, पीटीए के समस्त सदस्य, विद्यालय का समस्त स्टाफ, एनएसएस स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण विदाई गीत ने समारोह को भावुक बना दिया। सात दिनों तक साथ मिलकर सेवा एवं सामाजिक जागरूकता के कार्यों में जुटे स्वयंसेवकों ने विदाई गीत के माध्यम से शिविर की यादों को भावनात्मक रूप से संजोया।
समापन समारोह के उपरांत सभी अतिथियों, अध्यापकों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। सात दिवसीय एनएसएस शिविर ने विद्यार्थियों में सेवा, स्वच्छता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्रसेवा की भावना को और मजबूत किया।






