मानव कल्याण समिति अर्की की मासिक बैठक समिति के उपप्रधान रोशन लाल वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समिति द्वारा आयोजित किए जाने वाले निःशुल्क चिकित्सा शिविर व वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह के बारे में चर्चा की गई।
समिति के संस्थापक डॉ संत लाल शर्मा ने बताया कि समिति आगामी एक नवंबर को स्वर्गीय प्रभावती गौतम की पुण्य स्मृति में अर्की क्षेत्र की दावटी पंचायत के गांव शिवनगर में एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करेगी। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक रोगियों की जांच करेंगे व दवाएं, ब्लड टेस्ट सुविधा व चश्मे मौके पर ही समिति की ओर से मुफ्त उपलब्ध करवाई जाएंगी।
गौरतलब है कि समिति अपने ही संसाधनों से हर वर्ष अर्की के ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे दो शिविर आयोजित करती है और यह समिति द्वारा आयोजित किया जाने वाला 20वाँ कैम्प होगा।
सचिव राजेश कपाटिया ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से यह भी निर्णय लिया गया कि समिति द्वारा प्रतिवर्ष मनाया जाने वाला प्रतिभा सम्मान समारोह जनवरी में आयोजित किया जाएगा। ज्ञात हो कि समिति हर वर्ष यह समारोह आयोजित करती है जिसमें अर्की क्षेत्र की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम अर्जित करने वाली विभूतियों के अतिरिक्त क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में बोर्ड की परीक्षाओं में तहसील स्तर पर प्रथम तीन स्थान अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाता है।
बैठक में सी० डी० बंसल, प्रेम सिंह चौहान, मनोहर लाल, देवेंद्र पाल व रोहित शर्मा सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।






