दाड़लाघाट। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़लाघाट में चल रहे एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे और पांचवें दिन की शुरुआत प्राणायाम और योगासन से हुई। दिन के सत्र में थाना प्रभारी दाड़लाघाट पंकज शर्मा ने स्वयंसेवियों को कानून, नशे के दुष्प्रभावों और यातायात नियमों की जानकारी दी। वहीं, प्रधानाचार्य मांझू हंसराज शर्मा ने स्वयंसेवियों को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के महत्व और इसके उद्देश्यों के बारे में जागरूक किया। शिविर में 53 एनएसएस स्वयंसेवी विभिन्न
गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। इस दौरान ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के नौणी गांव में सफाई अभियान चलाया गया। साथ ही विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र की भी सफाई की गई। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और मनोवैज्ञानिक विकास पर जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम अधिकारी विजय चंदेल और सीमा शर्मा स्वयंसेवियों की गतिविधियों की देखरेख कर रहे हैं। वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य मुनीश कमल भी शिविर के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।






